अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई। यहां 65 वर्षीय सेवानिवृत्त दरोगा इंद्र कुमार यादव की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना सुबह करीब 7:40 बजे प्लेटफॉर्म नंबर एक पर जीआरपी कार्यालय के सामने हुई। बताया जा रहा है कि वह कोलकाता से जम्मू जा रही ट्रेन के सामने आ गए थे। मृतक इंद्र कुमार यादव मूल रूप से अयोध्या जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र के मड़ियावा गांव के निवासी थे। उन्होंने करीब पांच वर्ष पूर्व पुलिस विभाग में दरोगा पद से सेवानिवृत्ति ली थी। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने अकबरपुर की साबुन वाली गली में मकान बनवाया और परिवार के साथ रहने लगे थे।

इंद्र कुमार यादव के परिवार में तीन बेटे हैं। उनका बड़ा बेटा बबलू केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में तैनात है, जबकि दो छोटे बेटे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया। घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। ट्रेन के सामने आने की परिस्थिति को लेकर भी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
