मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण सड़क हादसे के बाद एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस अधिकारियों को भी चौंका दिया। एक्सप्रेस-वे के पुल से नीचे गिरी एक कार में सवार GST अधिकारी और उनके परिवार के तीन अन्य सदस्य घायल हो गए। दुर्घटना के बाद जब पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार की तलाशी ली तो उसमें से 54.50 लाख रुपये नकद और बड़ी मात्रा में आभूषण बरामद हुए। इतनी बड़ी रकम और जेवरात मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।

जानकारी के अनुसार, राजस्थान के श्रीगंगानगर निवासी प्रवीण पूंजीलाल (40) गुजरात के वापी में GST विभाग में अधिकारी के पद पर तैनात हैं। वह दीपावली का त्योहार मनाने के लिए अपनी पत्नी संतोष (37) और दो बेटों आदित्य (10) व अथर्व (8) के साथ कार से राजस्थान स्थित अपने घर जा रहे थे। बताया जाता है कि उनकी कार मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में जावरा औद्योगिक क्षेत्र के अंतर्गत नीमन-नागदी इलाके के पास पहुंची। इसी दौरान अचानक कार अनियंत्रित हो गई और एक्सप्रेस-वे पर बने ब्रिज से नीचे जा गिरी। नीचे गिरने के बाद कार कई बार पलट गई। हादसा इतना गंभीर था कि कार में सवार चारों लोग अंदर ही फंस गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसे GST अधिकारी, उनकी पत्नी और दोनों बच्चों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल जावरा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल परिवार के सभी सदस्यों का उपचार चल रहा है। इस हादसे के बाद मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में रखे दो बैग से कुल 54.50 लाख रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा कार और बैग में रखे कीमती आभूषण भी पुलिस को मिले।

जानकारी के मुताबिक, बरामद नकदी में 500 रुपये के नोटों की 92 गड्डियां और 200 रुपये के नोटों की 10 गड्डियां शामिल हैं। नकदी और आभूषणों को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित रख लिया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर कार में करीब एक करोड़ रुपये नकद होने की चर्चा भी सामने आई थी, लेकिन पुलिस की ओर से उपलब्ध जानकारी में 54.50 लाख रुपये की नकदी बरामद होने की बात कही गई है।रतलाम के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार से 50 लाख रुपये से अधिक नकदी और आभूषण बरामद हुए हैं। हादसे में अधिकारी और उनके परिवार के अन्य सदस्यों को गंभीर चोटें आई हैं। इसी वजह से अभी तक उनके बयान दर्ज नहीं किए जा सके हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी नकदी और आभूषण कहां से आए थे, उनका स्वामित्व किसका है और उन्हें किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। इसके लिए घायलों के बयान और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
