धर्मनगरी काशी में गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को शर्मसार करने का गंभीर मामला सामने आया है। दिवाली की खरीदारी कराने के बहाने 20 वर्षीय छात्रा को अपने साथ ले जाने वाले एक शिक्षक पर उसके साथ जबरन दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। घटना के दौरान छात्रा की हालत बिगड़ गई और उसे गंभीर रक्तस्राव होने लगा। घबराया आरोपी उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों की सतर्कता से पूरे मामले का खुलासा हुआ। सूचना पर पहुंची चेतगंज पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता एक डिग्री कॉलेज में स्नातक तृतीय वर्ष की छात्रा है। आरोपी शिक्षक की उम्र करीब 40 वर्ष बताई गई है। वह मूल रुप से भदोही का निवासी है और चेतगंज थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहता था। वह उसी कॉलेज में अध्यापन कार्य करता था। परिजनों के मुताबिक, गुरुवार को आरोपी ने छात्रा को दीपावली की खरीदारी कराने के बहाने बाजार बुलाया। दोपहर करीब तीन बजे छात्रा घर से निकली और आरोपी के साथ एक शॉपिंग मॉल पहुंची। वहां खरीदारी करने और बाहर भोजन करने के बाद आरोपी कथित तौर पर उसे बहला-फुसलाकर चेतगंज स्थित अपने किराए के कमरे पर ले गया।

आरोप है कि कमरे पर पहुंचने के बाद शिक्षक ने छात्रा के साथ जबरन दुष्कर्म किया। इस दौरान उसे गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। छात्रा की हालत बिगड़ती देख आरोपी उसे आनन-फानन में एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचा।अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बावजूद रक्तस्राव नहीं रुकने और हालत गंभीर बने रहने पर चिकित्सकों ने परिजनों को सूचना देने की बात कही। आरोप है कि शिक्षक ने छात्रा की मां को फोन कर दुर्घटना में चोट लगने की बात बताई। बेटी की गंभीर हालत देखकर परिजन अस्पताल पहुंचे। इसी दौरान चिकित्सकों ने उन्हें बताया कि मामला दुर्घटना का नहीं, बल्कि कथित यौन हिंसा से जुड़ा है। जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने विरोध जताया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही चेतगंज पुलिस अस्पताल पहुंची और आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया। पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उधर, छात्रा की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर शिक्षण संस्थानों में छात्राओं की सुरक्षा और शिक्षक-छात्रा के विश्वासपूर्ण रिश्ते को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
