उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना की खबर से हड़कंप मच गया। बद्रीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा एक हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास चाई गांव के निकट दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना सामने आई है। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे।

जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर के जोशीमठ क्षेत्र में पहुंचने के बाद उससे संपर्क टूट गया। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण हेलीकॉप्टर की लोकेशन का पता लगाने में परेशानी हुई। सेना की यूनिट की ओर से चमोली के जिलाधिकारी को घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियां सक्रिय हो गईं। हेलीकॉप्टर की लोकेशन, गायब होने के बाद उसकी तलाश के लिए दो अन्य हेलीकॉप्टर लगाए जाने की खबर है। स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें भी घटनास्थल के आसपास जानकारी जुटाने में लगी हैं। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर का मलबा और उसमें सवार लोगों की स्थिति की पुष्टि नहीं हुई है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेलीकॉप्टर दुर्घटना की दुर्भाग्यपूर्ण खबर मिलने की बात कही है। उन्होंने कहा कि हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा था। वह लगातार पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोगों के सकुशल होने की कामना करते हैं। प्रशासन और एजेंसियां हेलीकॉप्टर का पता लगाने तथा यात्रियों की स्थिति स्पष्ट करने में जुटी हैं। हादसे के वास्तविक कारणों और नुकसान की जानकारी विस्तृत जांच एवं आधिकारिक पुष्टि के बाद ही सामने आ सकेगी।
