हथियार तस्करों का दुस्साहस, पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, सिपाही अमित शुक्ला को लगी तीन गोलियां

एटीएस से प्रशिक्षित जवान की हालत गंभीर, जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर घायल, कई आरोपी मौके से फरार

Akhlaque Khan
Akhlaque Khan Published on : October 31, 2026 4:09 am
हथियार तस्करों का दुस्साहस, पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, सिपाही अमित शुक्ला को लगी तीन गोलियां
Total Views : 260
Total Views : 260

जनपद में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर तस्करों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान पुलिस टीम के जवान अमित शुक्ला को तीन गोलियां लगने से वह गंभीर रुप से घायल हो गए। घायल सिपाही को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम अवैध हथियारों की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए दबिश देने पहुंची थी। इसी दौरान तस्करों ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर हमला कर दिया। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमले में सिपाही अमित गंभीर रुप से घायल हो गए। शुक्रवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि सुंदरपुर-नरिया मार्ग स्थित आशुतोष नगर कॉलोनी में कुछ लोग अवैध असलहों की सप्लाई करने वाले हैं। सूचना के आधार पर लंका थाने की क्राइम टीम के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि पुलिस टीम जब संदिग्धों को पकड़ने की कोशिश कर रही थी, तभी आरोपियों ने फायरिंग शुरु कर दी। इस दौरान सिपाही अमित शुक्ला को तीन गोलियां लगीं। उन्हें पेट और हाथ समेत शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चोटें आईं। घायल जवान को तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया।सिपाही पर हमले के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में अभियान तेज कर दिया। देर रात करीब साढ़े दस बजे लंका थाना क्षेत्र के लोटूबीर मंदिर के पास पुलिस और संदिग्ध बदमाशों के बीच दूसरी मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में राज विश्वकर्मा नामक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी के पास से तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। वहीं, उसका साथी अंजनी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और घायल सिपाही के उपचार की जानकारी ली। अमित शुक्ला की हालत बेहद गंभीर बताई गई थी, लेकिन बाद में पुलिस आयुक्त के हवाले से सिपाही की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस अब इस पूरे मामले में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच का दायरा अवैध असलहा सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और फरार आरोपी तक पहुंचने पर केंद्रित है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क का विस्तार कहां तक है और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।घटना ने वाराणसी में अवैध असलहा कारोबार और अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस टीम पर इस तरह का हमला कानून-व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौती माना जा रहा है।

About The Author

Share
LATEST post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed