पूर्व माध्यमिक कन्या विद्यालय पिंडरा परिसर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र को चोरों ने निशाना बनाते हुए हजारों रुपये का सामान पार कर दिया। चोर बीती रात केंद्र का ताला तोड़कर एलईडी टीवी, पंखे, गैस सामग्री, वजन मशीन, हाइट मशीन और बच्चों के करीब 10 हजार रुपये मूल्य के खिलौने उठा ले गए। विद्यालय परिसर में लगातार चोरी की घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, प्रधानाध्यापिका शकीला परवीन ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि बीती रात अज्ञात चोरों ने विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर केंद्र में रखा एक एलईडी टीवी, दो पंखे, गैस संबंधी सामग्री, वजन मशीन, हाइट मशीन सहित बच्चों के लिए रखे लगभग 10 हजार रुपये के खिलौने चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह विद्यालय पहुंचने पर हुई। केंद्र का ताला टूटा और सामान गायब देखकर विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर फूलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जांच-पड़ताल शुरु की।

बताया जाता है कि इसी विद्यालय में इससे पहले भी तीन बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। बार-बार हो रही चोरी की वारदात से विद्यालय परिसर में रखे सरकारी संसाधनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय स्तर पर पुलिस से घटनाओं पर अंकुश लगाने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की जा रही है।
