उम्रकैद की सजा काट रहे पूर्व इंस्पेक्टर लाल सिंह की जेल में हार्ट अटैक से मौत हो गई। उनकी मौत के बाद करीब तीन दशक पुराने भोजपुर एनकाउंटर का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। आठ नवंबर 1996 को चार युवकों की मौत को पुलिस ने मुठभेड़ बताया था, लेकिन बाद में यह मामला फर्जी एनकाउंटर और पुलिसकर्मियों की जवाबदेही से जुड़े गंभीर प्रकरण के रुप में सामने आया।

मामले की जांच सात अप्रैल 1997 को सीबीआई ने शुरु की थी। जांच के दौरान मुठभेड़ की परिस्थितियों और पुलिस की भूमिका को लेकर सवाल उठे। लंबी जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद चार पुलिसकर्मियों को दोषी ठहराया गया और उन्हें सजा सुनाई गई। लाल सिंह की जेल में मौत के साथ ही इस मामले में दोषी ठहराए गए एक अहम पुलिस अधिकारी का अध्याय समाप्त हो गया है। हालांकि, इस प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं पर चर्चा अब भी जारी है। विशेष रुप से फरार आईपीएस अधिकारी की स्थिति और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर सवाल बने हुए हैं।

करीब 30 साल पुराने इस मामले ने पुलिस मुठभेड़ों की निष्पक्ष जांच, जवाबदेही और न्यायिक प्रक्रिया की अहमियत को रेखांकित किया था। लाल सिंह की मौत ने एक बार फिर उस घटना और उससे जुड़े न्यायिक घटनाक्रम को सुर्खियों में ला दिया है।
