दीपावली के दौरान पटाखों से निकली चिंगारी एक बार फिर आग लगने की वजह बन गई। गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक स्थित GH-7 सोसाइटी में 10वीं मंजिल के एक फ्लैट में भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख सोसाइटी में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में दमकल विभाग को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय फ्लैट बंद था और अंदर कोई मौजूद नहीं था। इस कारण किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि पटाखे से निकली चिंगारी फ्लैट की बालकनी में जा गिरी, जिससे वहां आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में फ्लैट के अंदर रखा लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया।

ऊंची इमारत की 10वीं मंजिल पर आग लगने की सूचना से सोसाइटी के निवासियों में चिंता फैल गई। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान चलाया और स्थिति को नियंत्रित किया।फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना ने एक बार फिर दीपावली पर पटाखे जलाते समय सावधानी बरतने और ऊंची इमारतों की बालकनी में ज्वलनशील सामान नहीं रखने की जरूरत को रेखांकित किया है।
