प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2026) को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने रविवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने टीडी इंटर कॉलेज और जनक कुमारी इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने परीक्षा कक्षों में पहुंचकर व्यवस्थाओं की पड़ताल की। केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। शासन और आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हो सके। जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता और परीक्षार्थियों की सुविधाओं की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं और किसी भी प्रकार की अनियमितता की आशंका को गंभीरता से लिया जाए।

डीएम ने स्पष्ट किया कि PET-2026 को नकलविहीन और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें, जिससे परीक्षार्थियों को शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा देने का अवसर मिल सके।
