शादी के महज एक साल बाद ही एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। वाराणसी-अयोध्या रेलखंड पर शनिवार को मानीकलां हाल्ट के समीप वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और स्थानीय पुलिस महकमे में हलचल मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान आजमगढ़ जनपद के बरदह थाना क्षेत्र के बेलवाना गांव निवासी शिवम यादव (28) पुत्र जितेंद्र यादव के रुप में हुई। बताया जाता है कि शनिवार को मेहरावां और खेतासराय रेलवे स्टेशन के बीच अप रेल लाइन पर शिवम वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी ट्रेन संचालन से जुड़े अधिकारियों ने खेतासराय स्टेशन मास्टर को दी। इसके बाद स्टेशन मास्टर की ओर से स्थानीय थाने को मेमो भेजकर हादसे की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मृतक की पहचान सुनिश्चित की।

पुलिस के अनुसार, शिवम की शादी करीब 12 महीने पहले हुई थी। प्रारंभिक जानकारी में पारिवारिक विवाद के चलते आत्महत्या की आशंका जताई गई है। हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शिवम की असमय मौत से परिवार में दु:ख का माहौल है। जिस घर में एक साल पहले शादी की खुशियां मनाई गई थीं, वहां अब मातम पसरा है। घटना ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस ने शव को मर्चरी हाउस भेजकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
