शाहगंज मंडल के ग्राम सिधाई स्थित गौशाला में मंगलवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष चिंताहरण शर्मा ने विधि-विधान से गौमाता का पूजन-अर्चन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने गौमाता को फल खिलाकर उनकी सेवा की और गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

इस अवसर पर चिंताहरण शर्मा ने कहा कि गौमाता की सेवा भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और हमारी आस्था का अभिन्न अंग है। गौसेवा से जहां आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है, वहीं यह समाज में सेवा, करुणा व संवेदनशीलता की भावना को भी मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि गौमाता की सेवा, सुरक्षा और संरक्षण करना हम सभी का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम में भाजपा मंडल महामंत्री कालीचरन जायसवाल, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज यादव, प्रधान प्रतिनिधि लक्ष्मण बिंद, ग्राम पंचायत अधिकारी शिवमूर्ति यादव, बूथ अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर, राजेंद्र प्रजापति सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने गौसेवा एवं गौवंश के संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
