फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा बाजार में एक किराना एवं पान की दुकानदार के साथ मारपीट और दुकान में तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित दुकानदार ने चार नामजद और छह अज्ञात लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

बाजार निवासी अनिल कुमार जायसवाल पुत्र राजेंद्र कुमार जायसवाल के अनुसार, बीती रात करीब 11 बजे वह अपनी किराना एवं पान की दुकान बंद कर रहे थे। इसी दौरान कथित तौर पर अभिषेक पटेल, सूरज राजभर, बादल राजभर समेत छह अन्य अज्ञात लोग डंडा लेकर दुकान पर पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने दुकान में तोड़फोड़ शुरु कर दी और विरोध करने पर अनिल कुमार के साथ मारपीट करते हुए गाली-गलौज की। पीड़ित का यह भी आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की धमकी दी। आरोपितों ने दुकान पर महंगा सामान बेचने की बात कहते हुए विवाद किया।

घटना के बाद पीड़ित ने फूलपुर थाने पहुंचकर तहरीर दी और आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की। इस संबंध में पुलिस ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
