जनगणना-2027 की तैयारी तेज, शाहगंज में 1,772 शिक्षकों को मिलेगा प्रशिक्षण, सेंट थॉमस कालेज में प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ, 36 बैचों में प्रशिक्षित होंगे प्रगणक और पर्यवेक्षक

16 नवंबर से प्रस्तावित स्व-गणना, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक, नागरिकों से सही जानकारी देकर सहयोग करने की अपील

Akhlaque Khan
Akhlaque Khan Published on : October 24, 2026 6:38 am
जनगणना-2027 की तैयारी तेज, शाहगंज में 1,772 शिक्षकों को मिलेगा प्रशिक्षण, सेंट थॉमस कालेज में प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ, 36 बैचों में प्रशिक्षित होंगे प्रगणक और पर्यवेक्षक
Total Views : 400
Total Views : 240

जनगणना-2027 के सफल और सुचारु संचालन की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को शाहगंज स्थित सेंट थॉमस इण्टर कालेज में जनगणना कार्य के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी एन.बी. सिंह व अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा ने किया। इस दौरान अधिकारियों ने प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को जनगणना की प्रक्रिया को गंभीरता से समझने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी निष्ठा, सटीकता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

तहसील में जनगणना कार्य को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कुल 1,772 शिक्षकों को प्रशिक्षण देने की योजना बनाई गई है। इसके लिए 36 बैच निर्धारित किए गए हैं। इनमें तहसील व ग्रामीण क्षेत्रों के साथ नगर पालिका परिषद शाहगंज और नगर पंचायत खेतासराय के प्रगणक एवं पर्यवेक्षक शामिल होंगे। प्रत्येक बैच को तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान जनगणना की प्रक्रिया, निर्धारित प्रश्नों के माध्यम से जानकारी जुटाने और संबंधित दायित्वों के निर्वहन की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक प्रस्तावित है। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। इस दौरान निर्धारित 40 प्रश्नों के माध्यम से आवश्यक जानकारियां संकलित की जाएंगी। जनगणना की पूरी प्रक्रिया को सही ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को निर्धारित प्रक्रियाओं एवं दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जा रही है।


उपजिला जनगणना अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी अंकुर वर्मा ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की कि जनगणना के लिए घर पहुंचने वाले प्रगणकों को आवश्यक और सही जानकारी उपलब्ध कराएं तथा इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता राष्ट्र की प्रगति के लिए अहम है।

मुख्य विकास अधिकारी एन.बी. सिंह और अपर जिलाधिकारी परमानंद झा ने भी प्रशिक्षणार्थियों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने तथा जनगणना संबंधी सभी प्रक्रियाओं को भली-भांति समझने की अपेक्षा की। अधिकारियों ने निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हुए जनगणना को सफल बनाने पर जोर दिया।जनगणना-2027 का उद्देश्य केवल आंकड़े जुटाना नहीं, बल्कि देश की भावी विकास योजनाओं के लिए सटीक आधार तैयार करना भी है।

About The Author

Share
LATEST post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed