करखियाव एग्रो पार्क एसोसिएशन के संरक्षक एवं प्रतिष्ठित उद्यमी स्व. राजेश अग्रवाल के निधन पर शनिवार को करखियाव स्थित यूपीसीडा के प्रशासनिक भवन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान उद्यमियों, यूपीसीडा के अधिकारियों व कर्मचारियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उनकी स्मृति को स्थायी बनाए रखने के लिए एग्रो पार्क परिसर के मुख्य द्वार का नाम उनके नाम पर रखने की घोषणा की गई।

बीडी ग्रुप के अधिष्ठाता राजेश अग्रवाल को पूर्वांचल के प्रमुख निवेशकों और सफल उद्यमियों में गिना जाता था। 19 अक्टूबर को 65 वर्ष की उम्र में कैंसर की बीमारी के चलते मुंबई के एक निजी अस्पताल में उनका निधन हो गया। करखियाव एग्रो पार्क परिसर में उनकी आधा दर्जन फैक्ट्रियां संचालित थीं। उनके निधन से औद्योगिक जगत में शोक की लहर है। एग्रो पार्क वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित सभा में एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज मद्धेशिया ने राजेश अग्रवाल के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने उद्यमिता के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई थी। उनके योगदान और स्मृतियों को संजोए रखने के उद्देश्य से एग्रो पार्क परिसर के मुख्य द्वार का नाम उनके नाम पर रखने की घोषणा की गई। यह पहल औद्योगिक क्षेत्र में उनके योगदान के प्रति सम्मान का प्रतीक होगी।

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित उद्यमियों और कर्मचारियों ने राजेश अग्रवाल के साथ बिताए समय को याद करते हुए उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया। सभा में कमल अग्रवाल, भरत केजरीवाल, शुभम अग्रवाल, मनीष लाठ, रवि गुप्ता, संतोष जायसवाल, बृजेश गुप्ता, राजेश सिंह, शंकर दयाल, नितेश शाह, आनंद जायसवाल, वीएन दुबे, रजनीश दीक्षित सहित बीडी ग्रुप के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
