विकास खंड फूलपुर के ग्राम बूढ़ापुर बदल में पशुपालन विभाग की ओर से पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि मंडल अध्यक्ष रत्नेश बिन्द ने किया। शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में पशुपालकों ने सहभागिता की। इस दौरान कुल 530 पशुओं का उपचार कर पशुपालकों को पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य, उचित देखभाल और पशुपालन विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रुप में जिला उपाध्यक्ष, अल्पसंख्यक मोर्चा मो. शेख गुलज़ार तथा ग्राम प्रधान भूषण यादव उपस्थित रहे। अतिथियों ने शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए पशुपालकों को इसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। फूलपुर के उप मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. अनिल ने पशुपालकों को पशुपालन विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर पशुपालक अपने पशुओं के स्वास्थ्य और उत्पादन क्षमता में सुधार कर सकते हैं। उन्होंने पशुओं की नियमित देखभाल करने तथा विभागीय योजनाओं के प्रति जागरुक रहने की अपील की।

पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आलोक सिंह पालीवाल ने पशुओं में होने वाली सामान्य बीमारियों के लक्षण, प्राथमिक देखभाल और सुरक्षित घरेलू उपायों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने पशुओं को संतुलित आहार देने, साफ-सफाई बनाए रखने और नियमित टीकाकरण कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय से पशु चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दी। उनके द्वारा दी गई व्यावहारिक जानकारी को पशुपालकों ने उपयोगी बताया। मार्टिनगंज के पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अजय श्रीवास्तव ने पशुओं की टैगिंग के महत्व और इसकी प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टैगिंग से पशुओं की पहचान करने, उनके अभिलेखों का रखरखाव करने और विभागीय योजनाओं से संबंधित कार्यों को व्यवस्थित बनाने में मदद मिलती है।

शिविर में डॉ. मेवालाल, फार्मासिस्ट विक्रमा यादव एवं वीरेंद्र, पशुधन प्रसार अधिकारी राम सुरेश यादव, शिवशंकर सिंह, महेंद्र, अशिलेष, प्रेम, रविकांत, मुलायम और अनिल सहित पशुपालन विभाग के अन्य कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की।
