शिकारपुर तिराहे पर हुए बवाल के मामले में सरायख्वाजा पुलिस ने कड़ा कदम उठाते हुए 45 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में 20 लोगों को नामजद किया है, जबकि 25 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। मुकदमे में युवराज जौनपुरिया उर्फ लकी का नाम भी शामिल है।

पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान आरोपितों ने सड़क पर जाम लगा दिया और यातायात व्यवस्था प्रभावित की। आरोप है कि भीड़ ने मौके पर लगाए गए सरकारी बैरियर को हटा दिया तथा पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की। पुलिस ने यह भी आरोप लगाया है कि बवाल के दौरान कुछ दुकानों में तोड़फोड़ की गई और पुलिसकर्मियों पर हमला करने का प्रयास किया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मौके पर हस्तक्षेप करना पड़ा।

घटना के बाद सरायख्वाजा पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मुकदमे की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अज्ञात आरोपियों की पहचान के लिए उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
