हलियापुर थाना क्षेत्र से होकर गुजरने वाले पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। हादसा एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 79.6 के पास हुआ, जहां चंडीगढ़ में सूबेदार पद पर तैनात रहे देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के गैला दुधैला गांव निवासी सत्यवान सिंह का शव लेकर जा रही एंबुलेंस आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकरा गई।

बताया जा रहा है कि एंबुलेंस सूबेदार सत्यवान सिंह के शव को उनके पैतृक गांव ले जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में एंबुलेंस अज्ञात वाहन से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस में सवार चार लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे में मृतक जवान के परिजन राजन सिंह पुत्र भूपति, गौरव सिंह पुत्र सत्यवान सिंह, राम समुझ पुत्र जय सिंह तथा एंबुलेंस चालक जसपाल गंभीर रुप से घायल हुए। हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा सुरक्षा कर्मियों और पैकेज-2 के अधिकारी कनौजिया के साथ हलियापुर पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से 100 शैय्या अस्पताल पिठला, कुमारगंज, जनपद अयोध्या भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन में भी हड़कंप मच गया।

घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरु कर दी है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। इस संबंध में थाना प्रभारी अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और परिजन मौके पर पहुंच गए हैं। सूबेदार सत्यवान सिंह के शव को पूरे सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव भेजे जाने की व्यवस्था की जा रही है। पुलिस के अनुसार चारों मृतकों में से दो शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुल्तानपुर पीएम हाउस तथा दो अन्य शवों को पोस्टमार्टम के लिए अयोध्या भेजा गया है।
