क्षेत्र के खनुवाई गांव में बुधवार देर रात आवारा कुत्तों के हमले में राष्ट्रीय पक्षी मोर की दर्दनाक मौत हो गई। कुत्तों के झुंड ने मोर को घेरकर हमला कर दिया। मोर ने अपनी जान बचाने के लिए काफी प्रयास किया, लेकिन कुत्तों की संख्या अधिक होने के कारण वह उनके हमले से बच नहीं सका। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडे की मदद से कुत्तों को भगाया, लेकिन तब तक मोर की मौत हो चुकी थी।

राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत की सूचना मिलने पर बड़ागांव चौकी प्रभारी अजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ आरक्षी सूर्यकुमार यादव और सिजाउद्दीन शेख भी मौजूद रहे। नायब तहसीलदार की उपस्थिति तथा ग्रामीणों के सहयोग से मृत मोर को तिरंगे में लपेटकर पूरे सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।अंतिम संस्कार में ग्राम प्रधान प्रदीप कुमार यादव, पूर्व प्रधान राजमन यादव, दिलीप गौतम, मोहम्मद हसन खान, त्रिभुवन यादव और नीलू यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन का सहयोग किया। राष्ट्रीय पक्षी के प्रति ग्रामीणों और प्रशासन की संवेदनशीलता की क्षेत्र में चर्चा रही। इस घटना ने गांव में आवारा कुत्तों की समस्या और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।
