अवैध संबंध के शक में पति ने पत्नी को कुर्सी से बांधकर पेट्रोल डालकर जलाया, दर्दनाक मौत, आरोपी गिरफ्तार

दो दिनों से पति-पत्नी के बीच चल रहा था विवाद, बेटे और बेटी के साथ फरार होने की कोशिश कर रहा था आरोपी

Akhlaque Khan
Akhlaque Khan Published on : November 5, 2026 5:05 am
अवैध संबंध के शक में पति ने पत्नी को कुर्सी से बांधकर पेट्रोल डालकर जलाया, दर्दनाक मौत, आरोपी गिरफ्तार
Total Views : 180
Total Views : 200

जिले से घरेलू हिंसा और हत्या की एक बेहद गंभीर घटना सामने आई है। छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के जगतपुर गांव में पत्नी के चरित्र पर संदेह और कथित अवैध संबंधों के शक में एक पति ने अपनी पत्नी को कुर्सी से बांधकर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस घटना में महिला की दर्दनाक मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतका की पहचान सोनम के रुप में हुई है, जबकि आरोपी पति की पहचान सुखबीर सिंह उर्फ मोनू के रुप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पति को संदेह था कि उसकी पत्नी का गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध है। इसी बात को लेकर पिछले दो दिनों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था।बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब सात बजे विवाद ने गंभीर रुप ले लिया। आरोप है कि पति ने घर के अंदर पत्नी को कुर्सी से बांध दिया और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आग विकराल रुप ले चुकी थी।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद घर के अंदर तलाशी के दौरान महिला के जले हुए अवशेष बरामद हुए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति अपने सात वर्षीय बेटे और पांच वर्षीय बेटी को लेकर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने तलाश और घेराबंदी कर आरोपी सुखबीर सिंह उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर लिया।

कन्नौज के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को मौके पर भेजा गया था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतका की मां और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद और संदेह का परिणाम इतना भयावह होगा, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। मां की मौत और पिता की गिरफ्तारी के बाद दो छोटे बच्चों का भविष्य भी प्रभावित हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

About The Author

Share
LATEST post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed