ड्रोन कैमरे से निगरानी कर मड़ियाहूं में अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, पिता-पुत्र गिरफ्तार

155 किलो अनार, 60 किलो सुतली बम और भारी मात्रा में बारूद बरामद, 1530 खाली अनार घरिया समेत निर्माण सामग्री जब्त

Akhlaque Khan
Akhlaque Khan Published on : November 4, 2026 9:55 am
ड्रोन कैमरे से निगरानी कर मड़ियाहूं में अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, पिता-पुत्र गिरफ्तार
Total Views : 200
Total Views : 180

दीपावली पर्व को देखते हुए जिले में अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज हो गया है। इसी क्रम में मड़ियाहूं पुलिस ने ड्रोन कैमरे से निगरानी कर भंडरिया टोला में संचालित अवैध पटाखा निर्माण के ठिकाने का भंडाफोड़ किया है। पुलिस की इस कार्रवाई में भारी मात्रा में तैयार पटाखे, बारूद, विस्फोटक सामग्री और पटाखा बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए। मौके से पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नायब तहसीलदार शीतला प्रसाद सिंह के साथ संयुक्त रुप से कार्रवाई की। भंडरिया टोला में ड्रोन कैमरे से निगरानी करने के बाद संदिग्ध ठिकाने पर छापेमारी की गई। इस दौरान इम्तियाज अहमद (48) और उसके पुत्र मोहम्मद कैफ (23) को गिरफ्तार किया गया। दोनों इसी मोहल्ले के निवासी बताए गए हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस को पांच बोरियों में कुल 155 किलोग्राम अनार पटाखे तथा 60 किलोग्राम सुतली बम मिले। इसके अलावा 19.5 किलोग्राम सिंघाड़ा पटाखा, 16 किलोग्राम बारूद पाउडर और 37 किलोग्राम सोरा सफेद पाउडर बरामद किया गया।पुलिस ने पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली 23.4 किलोग्राम गंधक, 15.2 किलोग्राम कोयला पाउडर, नौ किलोग्राम लकड़ी का बुरादा और 6.8 किलोग्राम एल्यूमीनियम की कतरन भी जब्त किया। इसके साथ ही 28.3 किलोग्राम महताब पटाखे का कागज, 34.3 किलोग्राम पटाखा कवर व बाती, 7.9 किलोग्राम बारूद लगी बाती और 83.7 किलोग्राम पटाखा बनाने वाला पेपर बरामद हुआ।

अवैध पटाखा निर्माण के इस ठिकाने से पुलिस को चार बोरियों में रखी 1530 खाली मिट्टी की अनार घरिया भी मिलीं। इसके अलावा प्लास, सूजा, कैंची, चाकू, पाइप, कटर मशीन, तराजू और बाट सहित अन्य उपकरण बरामद किए गए। मौके से एक ड्रोन कैमरा भी मिला है। बरामदगी की मात्रा से आशंका जताई जा रही है कि यहां बड़े स्तर पर पटाखों का निर्माण और भंडारण किया जा रहा था। दीपावली के दौरान ऐसे अवैध ठिकाने किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। ऐसे में पुलिस की इस कार्रवाई को सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस ने गिरफ्तार पिता-पुत्र के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 5/9बी(1)(ए)(बी) के तहत मुकदमा संख्या 433/26 दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र, नायब तहसीलदार शीतला प्रसाद सिंह, उपनिरीक्षक प्रसिद्ध नारायण सिंह सहित मड़ियाहूं थाने की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के मद्देनजर अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Share
LATEST post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed