अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, 501.5 किलो पटाखे और विस्फोटक सामग्री बरामद

दीपावली से पहले पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई, बिना लाइसेंस पटाखे बनाने और बेचने की तैयारी में जुटा आरोपी गिरफ्तार

Akhlaque Khan
Akhlaque Khan Published on : November 3, 2026 6:11 am
अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, 501.5 किलो पटाखे और विस्फोटक सामग्री बरामद
Total Views : 160
Total Views : 160

दीपावली पर्व से पहले अवैध पटाखों के निर्माण और भंडारण के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। इसी क्रम में सिंधोरा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सिंधोरा बाजार स्थित एक मकान में छापेमारी कर अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 501.5 किलोग्राम निर्मित एवं अर्धनिर्मित पटाखों के साथ पटाखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली विस्फोटक एवं ज्वलनशील सामग्री बरामद की है। कार्रवाई के दौरान मकान में मौजूद रफीक (45) निवासी सिंधोरा बाजार को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, बीती रात मुखबिर से सूचना मिली कि सिंधोरा बाजार स्थित एक मकान में अवैध रुप से पटाखों का निर्माण और भंडारण किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष पंकज कुमार पांडेय के नेतृत्व में सिंधोरा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान मकान से विभिन्न ब्रांड के निर्मित पटाखे, फूलझड़ी, रॉकेट, बुलेट बम, अधबने सुतली बम, मिर्ची बम और चकरी समेत कुल 501.5 किलोग्राम पटाखे एवं निर्माण सामग्री बरामद हुई।

पुलिस के मुताबिक, मौके पर मौजूद रफीक से पटाखा निर्माण और भंडारण से संबंधित लाइसेंस एवं अनुमति पत्र मांगा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पैसे कमाने के उद्देश्य से पटाखे तैयार कर दुकानों पर बेचना चाहता था। इसके लिए उसके पास कोई वैध लाइसेंस नहीं था। कार्रवाई के दौरान फॉरेंसिक फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने बरामद सामग्री के नमूने वैज्ञानिक परीक्षण के लिए एकत्रित किए। पुलिस ने विस्फोटक एवं ज्वलनशील सामग्री को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरु कर दी है।

इस संयुक्त कार्रवाई में थानाध्यक्ष पंकज कुमार पांडेय, चौकी प्रभारी रोशन सिंह, सिंधोरा पुलिस टीम तथा एसओजी प्रभारी पंकज सिंह चौहान की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई को दीपावली से पहले अवैध पटाखा कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

About The Author

Share
LATEST post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed