खुटहन मार्ग पर मंगलवार दोपहर कौड़िया के पूरे आजम गांव के पास बाइक और चारपहिया वाहन के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रुप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को तत्काल राजकीय पुरुष चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, ताखा पश्चिम गांव निवासी सुरेंद्र गुप्ता (32) मंगलवार दोपहर अपने गांव के ही मोहम्मद सेराज (26) के साथ बाइक से कौड़िया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पूरे आजम गांव के पास सामने से आ रहे एक चारपहिया वाहन से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सक ने सुरेंद्र गुप्ता को मृत घोषित कर दिया, जबकि मोहम्मद सेराज की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

सुरेंद्र गुप्ता की मौत की खबर जैसे ही उनके परिजनों तक पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। हादसे के बाद क्षेत्र में भी शोक और अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
