लाइन बाजार थाना क्षेत्र के शास्त्री ब्रिज पर मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 28 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके चाचा गंभीर रुप से घायल हो गए। चाचा-भतीजे शादी का निमंत्रण कार्ड बांटकर घर लौट रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाजिदपुर दक्षिणी थाना लाइन बाजार निवासी सुधांशु शर्मा (28) पुत्र रतन शर्मा मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे अपने चाचा शरद कुमार शर्मा को बाइक पर बैठाकर उनकी बेटी की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने खासनपुर मोहल्ले में गए थे। कार्ड वितरण के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान शास्त्री ब्रिज पर सामने से आ रहे डंपर की चपेट में आने से उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सुधांशु शर्मा को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके चाचा शरद कुमार शर्मा का उपचार शुरु किया गया।

इस हादसे ने परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। बताया जाता है कि शरद कुमार शर्मा की बेटी की शादी आगामी 21 नवंबर को निर्धारित थी। इसी शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने के लिए सुधांशु अपने चाचा के साथ निकले थे। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया। घटना की सूचना मिलते ही लाइन बाजार पुलिस जिला अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
