शमशाबाद स्थित विद्युत सब स्टेशन पर विजिलेंस टीम ने अचानक छापेमारी कर विभाग में हलचल मचा दी। कार्रवाई के दौरान टीम ने अवर अभियंता विनेश कुमार और कंप्यूटर ऑपरेटर लोकेंद्र को हिरासत में ले लिया। दोनों को हिरासत में लिए जाने के बाद विद्युत विभाग के कर्मचारियों में भी चर्चाएं तेज हो गईं।

जानकारी के अनुसार, कंप्यूटर ऑपरेटर लोकेंद्र पर एक बिजली उपभोक्ता से काम के बदले रुपये लेने का आरोप है। इसी मामले में विजिलेंस टीम ने कार्रवाई की। वहीं, जेई विनेश कुमार को ट्रैप किए जाने का दावा भी किया जा रहा है। टीम दोनों को अपने साथ लेकर गई। दूसरी ओर, विद्युत विभाग के एसडीओ ने विजिलेंस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि जेई विनेश कुमार का किसी प्रकार के लेनदेन से कोई संबंध नहीं था, इसके बावजूद विजिलेंस टीम उन्हें जबरन कार्यालय से उठाकर ले गई।

टीम की इस कार्रवाई के बाद विभागीय कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के बीच मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल कंप्यूटर ऑपरेटर पर लगे आरोपों और जेई को ट्रैप किए जाने के दावे की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। विजिलेंस की ओर से कार्रवाई के संबंध में किसी प्रकार की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई।
