फूलपुर थाना क्षेत्र के कठिरांव में मेला और लाग देखकर घर लौट रहे तीन युवकों पर कब्रिस्तान के पास चाकू और पंच से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में तीनों युवक घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ितों ने सरफराज और मोनू चौहान समेत आठ-दस अज्ञात लोगों के खिलाफ आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।

जानकारी के अनुसार, फूलपुर थाना क्षेत्र के बहुतरा बेलवा गांव निवासी अजय पटेल, प्रवीण पटेल और प्रिंस वर्मा बीती रात करीब 11 बजे कठिरांव में आयोजित मेला देखने और लाग का आनंद लेने गए थे। मेला देखने के बाद तीनों युवक कठिरांव स्थित कब्रिस्तान के पास खड़े थे। आरोप है कि इसी दौरान सरफराज और मोनू चौहान अपने आठ-दस अज्ञात साथियों के साथ वहां पहुंच गए। हमलावरों ने अचानक तीनों युवकों को घेर लिया और चाकू तथा पंच से हमला कर दिया। हमले में तीनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान हो गए। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए।

पीड़ितों ने घटना के संबंध में फूलपुर थाने में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच-पड़ताल शुरु कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना में शामिल लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
