उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जौनपुर की ओर से विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश सुशील कुमार शशि की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान जरूरतमंद लोगों को विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए जागरूक किया गया।

मेगा शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी विभिन्न स्टॉल लगाए गए थे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं, सुविधाओं और बीमारियों से बचाव के प्रति जागरुक किया। शिविर के दौरान जनपद न्यायाधीश सुशील कुमार शशि के हाथों अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से क्षय रोग (टीबी) से पीड़ित मरीजों को पौष्टिक आहार पोटली वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य टीबी मरीजों को उपचार के साथ पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने और उनके स्वास्थ्य में सुधार के लिए सहयोग करना रहा।

इस सामाजिक कार्य में डॉ. सुशील अग्रहरी के साथ अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट की अध्यक्ष एवं अधिवक्ता उर्वशी सिंह के नेतृत्व में संस्था के सदस्यों ने सक्रिय योगदान दिया। इसमें शिवम सिंह, राकेश कुमार सिंह और डॉ. रेखा सिंह शामिल रहे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने टीबी मरीजों के प्रति संवेदनशीलता दिखाने और उनके पोषण में सहयोग करने की इस पहल की सराहना की। मेगा शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं, विधिक सहायता, स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। शिविर में न्यायिक अधिकारी, अधिवक्तागण, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से विधिक जागरूकता के साथ सामाजिक सेवा और जरूरतमंद लोगों तक सरकारी सुविधाएं पहुंचाने का संदेश दिया गया।
