जिले में देर रात दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। हाटा-पिपराइच मार्ग पर थरुआडीह के पास तेज रफ्तार ट्रेलर और कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रुप से घायल हो गया। मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद भलुही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, कप्तानगंज थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत भलुही के कुछ लोग अपने रिश्तेदार के यहां देवराज पिपरा में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह में शामिल होने के बाद सभी लोग देर रात करीब 12 बजे कार से अपने गांव वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी कार कोतवाली हाटा क्षेत्र में हाटा-पिपराइच मार्ग पर थरुआडीह के पास एक पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंची, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल भी घटनास्थल पर पहुंचे। दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सात लोगों को मृत घोषित कर दिया। एक किशोर की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत की खबर ने भलुही गांव को गहरे सदमे में डाल दिया। जिस घर में रिश्तेदारी के समारोह में शामिल होकर लौटने की खुशियां थीं, वहां अब अपनों को खोने का गम छा गया है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर तरफ शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरु कर दी। प्रारंभिक जानकारी में तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर को हादसे की वजह बताया जा रहा है।
