पीएम मोदी और उनकी दिवंगत मां से जुड़े AI वीडियो मामले में दिल्ली पुलिस सख्त, बिहार कांग्रेस को नोटिस

स्पेशल सेल की टीम पटना पहुंची, सदाकत आश्रम के बाहर चस्पा किया नोटिस, अमित मंडल को 5 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया

Akhlaque Khan
Akhlaque Khan Published on : November 2, 2026 1:23 am
पीएम मोदी और उनकी दिवंगत मां से जुड़े AI वीडियो मामले में दिल्ली पुलिस सख्त, बिहार कांग्रेस को नोटिस
Total Views : 180
Total Views : 180

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां से जुड़े एआई जनरेटेड वीडियो को लेकर दिल्ली पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इस मामले में दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल ने बिहार कांग्रेस को नोटिस जारी किया है। पुलिस की एक टीम नोटिस तामील कराने के लिए पटना पहुंची और बिहार कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय सदाकत आश्रम के बाहर नोटिस चस्पा किया।

बताया जा रहा है कि संबंधित एआई वीडियो बिहार कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के हैंडल @INCBihar से पोस्ट किया गया था। इसके बाद इस मामले में शिकायत और मुकदमा दर्ज होने के आधार पर दिल्ली पुलिस ने जांच शुरु की। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवादित वीडियो किसने तैयार किया, किसके निर्देश पर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया और संबंधित अकाउंट का संचालन किन लोगों के माध्यम से हो रहा था।दिल्ली पुलिस की ओर से जारी नोटिस में अमित कुमार मंडल को पूछताछ के लिए तलब किया गया है। उन्हें 5 नवंबर को सुबह 11 बजे नई दिल्ली के भरत नगर, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल के कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। पुलिस ने उन्हें जांच में सहयोग करने और संबंधित डिजिटल साक्ष्य तथा दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित तिथि पर पूछताछ के लिए आवश्यक सामग्री के साथ उपस्थित होना होगा।

जांच के दौरान दिल्ली पुलिस ने बिहार कांग्रेस से जुड़े एक मोबाइल नंबर को भी जांच के दायरे में लिया है। अमित कुमार मंडल से इस मोबाइल नंबर का सिम कार्ड तथा एक जुलाई 2025 से अब तक उस नंबर के इस्तेमाल में लाए गए सभी मोबाइल हैंडसेट साथ लाने को कहा गया है।पुलिस का उद्देश्य संबंधित मोबाइल नंबर और उपकरणों के इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी जुटाना तथा सोशल मीडिया पोस्ट की गतिविधियों की कड़ियों को समझना है। इस मामले में पुलिस ने बिहार कांग्रेस के आधिकारिक एक्स हैंडल @INCBihar को संचालित करने वाले लोगों की जानकारी भी मांगी है। नोटिस के माध्यम से अकाउंट के आधिकारिक इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति का नाम और एक जुलाई 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक इस हैंडल को संचालित करने के लिए अधिकृत सभी लोगों की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया है। इससे पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि संबंधित अवधि में सोशल मीडिया अकाउंट तक किन लोगों की पहुंच थी और विवादित वीडियो पोस्ट करने की जिम्मेदारी किसकी थी।

प्रधानमंत्री और उनकी दिवंगत मां से संबंधित एआई वीडियो का मामला राजनीतिक और सोशल मीडिया के स्तर पर भी चर्चा में है। दिल्ली पुलिस अब मोबाइल उपकरणों, सिम कार्ड, सोशल मीडिया अकाउंट के अधिकृत संचालकों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। फिलहाल अमित कुमार मंडल को 5 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। जांच में संबंधित लोगों के बयान और डिजिटल साक्ष्यों से यह स्पष्ट हो सकेगा कि वीडियो तैयार करने और उसे सोशल मीडिया पर साझा करने में किन लोगों की भूमिका थी।

About The Author

Share
LATEST post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed