नौकरी की तलाश में भटक रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। रोजगार की उम्मीद लगाए बैठे जिले के युवाओं को अब नौकरी पाने का एक बड़ा अवसर मिलने जा रहा है। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत आगामी 2 नवंबर को जिला मुख्यालय स्थित बीआरपी कॉलेज परिसर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। सुबह 10 बजे से शुरु होने वाले इस मेले में 50 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों के शामिल होने की संभावना है। यहां युवाओं को अपनी शैक्षिक योग्यता, तकनीकी दक्षता और कौशल के अनुरुप रोजगार पाने का अवसर मिलेगा।

जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से आयोजित इस मेले का उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को रोजगार के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। मेले में विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों के प्रतिनिधि पहुंचेंगे, जहां अभ्यर्थियों को अपनी योग्यता और कौशल के आधार पर नौकरी के अवसर तलाशने का मौका मिलेगा। नौकरी की तलाश में दूसरे शहरों का चक्कर लगाने वाले युवाओं के लिए यह मेला विशेष रुप से उपयोगी साबित हो सकता है। जिला सेवायोजन अधिकारी जय प्रकाश पासवान ने बताया कि युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता, तकनीकी दक्षता, कौशल और अभिरुचि के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में वृहद रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद मुख्यालय पर 2 नवंबर को यह मेला आयोजित होगा।

रोजगार मेले की जानकारी अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने के लिए जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने बीआरपी इंटर कॉलेज परिसर से प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को नौकरी पाने का बेहतर अवसर मिल सकता है। उन्होंने बेरोजगार युवाओं से अपील की कि वे अधिकाधिक संख्या में मेले में पहुंचें और इस अवसर का लाभ उठाएं। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ठ, नगर मजिस्ट्रेट महिपाल सिंह, उप जिलाधिकारी सदर योगिता सिंह, जिला सेवायोजन अधिकारी जय प्रकाश पासवान सहित अन्य अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।
