समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं जौनपुर सदर के पूर्व विधायक मोहम्मद अरशद खान ने विधान परिषद चुनाव के परिणामों को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सफलता ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की राजनीतिक दिशा का संकेत दे दिया है। प्रदेश में अगली सरकार पीडीए की बनेगी और अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी सत्ता में वापसी करेगी।

अपनी प्रतिक्रिया में मो. अरशद खान ने कहा कि प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों में से पांच सीटों पर समाजवादी पार्टी की जीत इस बात का संकेत है कि पीडीए की विचारधारा और सामाजिक न्याय की राजनीति को समर्थन मिल रहा है। उन्होंने इसे भाजपा के लिए चेतावनी बताते हुए कहा कि जनता अब सरकार से अपने बुनियादी सवालों का जवाब चाहती है। सपा नेता ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसान, नौजवान, बेरोजगार, व्यापारी, बुनकर, पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं। महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की बदहाली और सामाजिक असमानता ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जनता अब बदलाव की उम्मीद के साथ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर देख रही है।

श्री खान ने कहा कि पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समाज की एकजुटता उत्तर प्रदेश की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाएगी। पार्टी सभी वर्गों को सम्मान, भागीदारी, सामाजिक न्याय और समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने कहा कि पीडीए की एकजुटता लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण की रक्षा की लड़ाई को मजबूती प्रदान करेगी। समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों को उनका अधिकार दिलाना पार्टी की प्राथमिकता है।कहा जनता को केवल नारों और दावों से संतुष्ट नहीं किया जा सकता। सरकार को रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानों की खुशहाली और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान पर ठोस काम करना होगा। जनता अब अपने अधिकारों और भविष्य को लेकर जागरूक है तथा 2027 के विधानसभा चुनाव में अपने मताधिकार के माध्यम से इसका जवाब देगी।

अरशद खान ने विश्वास जताया कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी को व्यापक जनसमर्थन मिलेगा और पीडीए की ताकत उत्तर प्रदेश में राजनीतिक बदलाव का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने दावा किया कि 2027 में पीडीए की सरकार बनेगी और उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का संकल्प पूरा किया जाएगा।
