जमीन की खरीद-फरोख्त के नाम पर 29 लाख रुपये के कथित लेनदेन का मामला सामने आया है। वाराणसी निवासी राहुल राजभर ने जौनपुर के जफराबाद क्षेत्र निवासी सैफ अली पर जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराने और रकम वापस मांगने पर धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने जनसुनवाई पोर्टल (IGRS) पर शिकायत दर्ज कराते हुए पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है। मामले में AI तकनीक से तैयार कथित फोटो को मीडिया तक पहुंचाने का आरोप भी चर्चा में है।

IGRS पर दर्ज शिकायत के मुताबिक वाराणसी जनपद के सिंधोरा थाना क्षेत्र के गरथरा गांव निवासी राहुल का आरोप है कि उन्होंने जमीन खरीदने के लिए 4 अगस्त 2025 को सैफ अली पुत्र मोहम्मद अहमद शाह को RTGS के माध्यम से 29 लाख रुपये दिए थे। शिकायतकर्ता का कहना है कि रकम लेने के बावजूद न तो जमीन की रजिस्ट्री की गई और न ही धनराशि वापस की गई। कई बार रकम वापस मांगने पर गाली-गलौज और मारपीट की धमकी दी गई। राहुल का दावा है कि लेनदेन से संबंधित बैंकिंग रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्य उनके पास मौजूद हैं।

शिकायत में राहुल राजभर ने आरोप लगाया है कि सैफ अली अधिकारियों और नेताओं से संबंध होने की बात कहकर उन्हें डराते हैं। रकम वापस मांगने पर उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। इस पूरे विवाद में एक अन्य गंभीर आरोप AI तकनीक से तैयार कथित फोटो को लेकर सामने आया है। राहुल राजभर के पक्ष का आरोप है कि सैफ अली ने उनकी तस्वीर को AI तकनीक के माध्यम से तैयार कर मीडिया को उपलब्ध कराया। इस फोटो को लेकर विवाद बढ़ने के बाद लाइन बाजार थाने में मुकदमा दर्ज होने की बात भी सामने आई है। कथित फोटो की वास्तविकता, उसमें किसी तरह की तकनीकी छेड़छाड़ की पुष्टि समाचार एक्सप्रेस लाइव नहीं करता। पीड़ित राहुल ने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित तौर पर दिए गए 29 लाख रुपये वापस दिलाने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल मामले में सैफ अली का पक्ष सामने नहीं आया है।
