इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए जोरदार धमाके ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। धमाके में एक सब इंस्पेक्टर और सामान पहुंचाने आए डिलीवरी बॉय के घायल होने की सूचना है। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पुलिस चौकी की खिड़कियों के शीशे टूट गए और एक दीवार में भी हल्की दरार आ गई।

शुरुआत में धमाके की वजह एसी का कंप्रेसर फटना मानी जा रही थी, लेकिन प्रारंभिक जांच में अधिकारियों को इसके पीछे दूसरी वजह होने का संदेह हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि विस्फोट किसी रासायनिक पदार्थ की वजह से हुआ हो सकता है। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, फोरेंसिक विशेषज्ञ और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। एटीएस की टीम के भी चौकी पहुंचने की जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसियां घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर धमाके के कारणों का पता लगाने में लगी हैं। बताया जा रहा है कि धमाका चौकी के पीछे उस स्थान पर हुआ, जहां कबाड़ में खड़े वाहनों को पार्क किया जाता है। घटना के समय चौकी में एक सब इंस्पेक्टर मौजूद थे, जबकि डिलीवरी बॉय सामान पहुंचाने आया था। दोनों इसकी चपेट में आकर घायल हो गए।

वसुंधरा पुलिस चौकी की लोकेशन भी घटना को संवेदनशील बनाती है। चौकी के दोनों तरफ सड़कें हैं, जो इंदिरापुरम और गाजियाबाद को जोड़ती हैं। इसके ठीक ऊपर दिल्ली से राजनगर की ओर जाने वाला एलिवेटेड रोड भी गुजरता है। इस कारण यहां दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि घटनास्थल के आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा मौजूद नहीं है। इतना ही नहीं, पुलिस चौकी के मुख्य गेट पर लगा सीसीटीवी कैमरा भी खराब बताया जा रहा है। ऐसे में धमाके से पहले और उसके आसपास की गतिविधियों की जानकारी जुटाना जांच एजेंसियों के लिए चुनौती बन सकता है। फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही हैं। अब सबकी निगाहें फोरेंसिक रिपोर्ट और जांच के अंतिम निष्कर्ष पर टिकी हैं, जिससे स्पष्ट हो सकेगा कि चौकी के भीतर हुआ यह धमाका हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।
