व्यक्तित्व विकास की अंतरराष्ट्रीय संस्था जूनियर चैंबर इंटरनेशल की स्थानीय शाखा जेसीआई शाहगंज संस्कार की चुनावी बैठक गुरुवार की रात इराकियाना मोहल्ला स्थित ग्रैंड लॉन में आयोजित हुई। जिसमें सर्वसम्मति से संस्थापक सदस्य व पूर्व में पीआरओ की ज़िम्मेदारी निभा चुके इकरार खान को वर्ष 2027 का अध्यक्ष चुना गया। वहीं सचिव के पद पर युवा साथी कुशाग्र अग्रहरि और कोषाध्यक्ष पद पर मिनहाज इराकी को चुना गया।

बतौर चुनाव अधिकारी पूर्व अध्यक्ष व मण्डल उपाध्यक्ष विनायक गुप्ता, अखलाक खान, गुलाम साबिर, सरफराज अहमद व सीए बिजेन्द्र अग्रहरि के नेतृत्व में आयोजित बैठक में अध्यक्ष पद के लिए इकरार खान का प्रस्ताव आया, जिसपर सर्वसम्मति से संस्था के सदस्य व पदाधिकारियों ने उक्त प्रस्ताव को पास करते हुए अध्यक्ष का मनोनयन किया। इस तरह से कुशाग्र अग्रहरि को सचिव और मिनहाज इराकी को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वर्तमान अध्यक्ष रविशंकर चतुर्वेदी ने नवागत अध्यक्ष को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई, वहीं नए अध्यक्ष इकरार खान ने सचिव और कोषाध्यक्ष को शपथ दिलाई। संस्था के लोगों ने अपने संबोधन में नवागत अध्यक्ष को अपने कार्यकाल में पूरा सहयोग देने को आश्वस्त करते हुए नए पदाधिकारियों का माल्यार्पण और अंगवस्त्र देकर बधाई शुभकामनाएं दी।

मनोनीत अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि जो जिम्मेदारी मिली है, उसपर शत प्रतिशत खरा उतरने का प्रयास रहेगा। सभी साथियों और अपने पूर्व अध्यक्ष के अलावा टीम को साथ लेकर उनके सहयोग से संस्था को सामाजिक सरोकारों और जनजागरूकता के कार्यों पर बेहतर ढंग से काम करके सामाजिक एवं व्यक्तित्व विकास को अग्रसर करने का पूरा प्रयास होगा। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष पंकज सिंह, मो. शाहिद नईम, सचिव अखिलेश पांडेय, राजकुमार अश्क, सानू अली, शाहिद अंसारी, राजेश सिंह एडवोकेट, मुराद अली बंटी, फजले इलाही, हसन मेंहदी, मो. आसिफ आदि रहे।
