क्षेत्र के बड़ागांव स्थित शीतला माता मंदिर परिसर में पशुपालन विभाग की ओर से पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेला शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 596 पशुओं का उपचार किया गया। इस दौरान पशुपालकों को पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य, उचित देखभाल, नियमित टीकाकरण और सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया।

शिविर का उद्घाटन ग्राम प्रधान सुरेश चंद बिन्द ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज कुमार यादव ने की। उन्होंने पशुपालकों से पशुओं की नियमित देखभाल करने और विभाग की ओर से संचालित सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।पशु चिकित्सक डॉ. अतुल यादव ने पशुओं में होने वाली बीमारियों के लक्षण, प्राथमिक उपचार और देखभाल के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पशुओं को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित आहार, स्वच्छ वातावरण और समय पर टीकाकरण बेहद जरूरी है। पशुपालकों को पशुओं में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय से चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह भी दी गई।

डॉ. सुभाष शर्मा ने पशुओं के टैगिंग की उपयोगिता और उसकी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि टैगिंग से पशुओं की पहचान सुनिश्चित करने और उनके स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने में मदद मिलती है। शिविर में पशुपालकों ने पशुओं के उपचार और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की। आयोजन में डॉ. अतुल कुमार गौतम, डॉ. सुभाष शर्मा, फार्मासिस्ट अरविंद कुमार, पीयूष सिंह, राजकुमार, अतुल, संदीप यादव, अंकित, राजेश सहित पशुपालन विभाग के अन्य कर्मचारियों ने सहयोग किया।
