विशेष अभियान स्पेशल कैंपेन 6.0 के अंतर्गत बुधवार को पिंडरा विकास खंड के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में ई-कचरा प्रबंधन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक कचरे के दुष्प्रभावों, पर्यावरण संरक्षण तथा ई-कचरे के सुरक्षित निस्तारण और पुनर्चक्रण के महत्व की जानकारी दी गई।

कम्पोजिट विद्यालय रमईपट्टी के राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक कमलेश कुमार पाण्डेय ने विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए बताया कि अनुपयोगी मोबाइल फोन, बैटरी, चार्जर व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को लापरवाही से फेंकना पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। ऐसे कचरे में मौजूद हानिकारक पदार्थ मिट्टी और जल को प्रदूषित कर सकते हैं। इसलिए ई-कचरे का उचित तरीके से संग्रहण, सुरक्षित निस्तारण और पुनर्चक्रण आवश्यक है।

कार्यक्रम के अंतर्गत विकास खंड के सभी परिषदीय विद्यालयों में ई-कचरा प्रबंधन विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विषय से संबंधित अपनी जानकारी एवं समझ का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को इलेक्ट्रॉनिक कचरे के उचित प्रबंधन के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया। साथ ही पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने, इलेक्ट्रॉनिक कचरे को इधर-उधर न फेंकने तथा स्वच्छ, हरित और प्रदूषणमुक्त पर्यावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया।

पिंडरा क्षेत्र के कम्पोजिट स्कूल नाथपुर, करखियाव, समोगरा, ओदार, हिवरनपुर मरुई, उच्च प्राथमिक विद्यालय बाबतपुर, फूलपुर, थानारामपुर, सिंधोरा, मंगारी तथा प्राथमिक विद्यालय चितईपुर, जमापुर, फूलपुर, पिंडरा, जाठी, करेमुआ, चकरमा और गरथमा सहित अनेक विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में शिक्षकों ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए विद्यार्थियों को ई-कचरे के सुरक्षित प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
