पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रुप, दो पक्षों में गोलीबारी और मारपीट, तीन गंभीर

एक साल पुराने विवाद की दुश्मनी में फिर खूनी संघर्ष, पैर में गोली लगने से रणधीर की हालत नाजुक, सभी घायल वाराणसी रेफर

Akhlaque Khan
Akhlaque Khan Published on : October 28, 2026 6:03 am
पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रुप, दो पक्षों में गोलीबारी और मारपीट, तीन गंभीर
Total Views : 200
Total Views : 200

जिले के नयेपुरा नेवादा कलां गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक संघर्ष हो गया। मारपीट और गोलीबारी की इस घटना में तीन लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। इनमें एक व्यक्ति के पैर में गोली लगी है। सभी घायलों को पहले महाराजा बलवंत सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

अपर पुलिस अधीक्षक डायल 112 पर सूचना मिली कि गांव निवासी रणधीर सिंह और उनकी पत्नी बबीता के साथ विपक्षी रविंद्र सिंह और उनके परिवार के लोगों ने मारपीट की है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।प्रारंभिक जांच में सामने आया कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के परिवार के सदस्यों को कथित तौर पर घसीटकर पीटा, जिससे वे गंभीर रुप से घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना में गोली चलने की बात भी सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच विवाद की जड़ करीब एक साल पुरानी है। उस समय दोनों परिवारों के एक युवक और युवती के साथ चले जाने के बाद उनके बीच तनाव पैदा हो गया था। इसी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका है।

करीब पखवारे पूर्व भी दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। उस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई की थी। इसके बावजूद दोनों परिवारों के बीच तनाव कम नहीं हुआ और एक बार फिर विवाद बढ़कर हिंसक संघर्ष में बदल गया। घटना में एक पक्ष से अपने नाना के घर आए संदीप सिंह (24) पुत्र राज बहादुर सिंह, निवासी अस्ति घायल हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष से रणधीर सिंह उर्फ रंधा (45) पुत्र स्व. राज बहादुर सिंह उनकी पत्नी बबीता सिंह (41) निवासी नेवादा कलां घायल हुई हैं। रणधीर सिंह के पैर में गोली लगने से उनकी हालत गंभीर बताई गई है। अन्य घायलों को भी चोटें आई हैं। तीनों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है। गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों के बीच पुराने विवाद, मारपीट और गोली चलने की परिस्थितियों की जांच कर रही है। घटना के बाद तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Share
LATEST post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed