क्षेत्र के गोरारी गांव स्थित राम जानकी ठाकुरजी महाराज मंदिर में शनिवार की रात चोरों ने धावा बोल दिया। मंदिर का ताला तोड़कर चोर देवी प्रतिमाओं के गोल्ड प्लेटेड आभूषण और नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित चढ़ावे से भरी दानपेटी उठा ले गए। वारदात के दौरान चोरों ने गर्भगृह में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी उखाड़ लिया। रविवार की भोर चोरी की जानकारी होते ही मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया। धार्मिक स्थल पर हुई इस घटना से ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में नाराजगी व्याप्त है।

मंदिर समिति के अध्यक्ष अरुण कुमार गुप्ता की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, रविवार की सुबह करीब 4:45 बजे मुख्य अर्चक दुर्गेश देववंश पुत्र मोतीलाल देववंश रोजाना की तरह पूजा अर्चना करने मंदिर पहुंचे। इस दौरान नवनिर्मित मां दुर्गा मंदिर का ताला टूटा हुआ देखकर वह हैरान रह गए। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना मंदिर समिति के सदस्यों को दी। जानकारी मिलते ही समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे और मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पता चला कि नवरात्र में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ावे के रूप में अर्पित की गई नकदी से भरी दानपेटी गायब है। आसपास खोजबीन करने पर मंदिर के समीप खेत में दानपेटी टूटी और खाली पड़ी मिली। आशंका है कि चोर दानपेटी को मंदिर से बाहर ले जाकर उसमें रखी नकदी निकालने के बाद उसे खेत में छोड़कर फरार हो गए।

चोरों ने मंदिर में स्थापित तीन देवियों के गोल्ड प्लेटेड हार और मां दुर्गा के अन्य गोल्ड प्लेटेड आभूषण भी चोरी कर लिए। इसके अलावा मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी सिस्टम से छेड़छाड़ की गई और गर्भगृह में लगा कैमरा मेमोरी समेत उखाड़ लिया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की। मंदिर में चोरी की खबर फैलते ही ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। लोगों ने धार्मिक स्थल की सुरक्षा को लेकर नाराजगी जताई।मंदिर समिति के अध्यक्ष अरुण कुमार गुप्ता ने पुलिस को तहरीर देकर चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने तथा चोरी गए आभूषण और नकदी बरामद करने की मांग की है। अब ग्रामीणों की निगाहें पुलिस की जांच और चोरों की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।
