28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल के बीच भारतीय स्टेट बैंक ने अपने ग्राहकों को बड़ी राहत दी है। SBI ने इन तीन दिनों के दौरान ATM लेनदेन शुल्क पूरी तरह माफ करने का ऐलान किया है। इसका मतलब है कि SBI ग्राहक देश में किसी भी बैंक के ATM से नकदी निकाल सकेंगे और इस अवधि में लागू ATM लेनदेन शुल्क नहीं देना होगा।

SBI की ओर से दी गई यह सुविधा उन ग्राहकों के लिए भी महत्वपूर्ण है, जिन्हें सामान्य निर्धारित मुफ्त ATM लेनदेन सीमा से अधिक नकदी निकालने की जरूरत पड़ सकती है। बैंक हड़ताल के दौरान 28, 29 और 30 सितंबर को ATM से लेनदेन पर शुल्क माफी लागू रहेगी। SBI ने ग्राहकों को आश्वस्त किया है कि हड़ताल के दौरान डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल जारी रखा जा सकता है। UPI, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, YONO, IMPS, NEFT और RTGS जैसी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इससे ग्राहकों को बैंक शाखा बंद रहने या सेवाओं के प्रभावित होने की स्थिति में डिजिटल माध्यम से जरुरी लेनदेन करने में सुविधा होगी। हड़ताल से पहले ग्राहकों की सुविधा के लिए 27 सितंबर, रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य रुप से खुले रखने की व्यवस्था की गई है। RBI ने भी इस दिन बैंक शाखाओं, ATM-लिंक शाखाओं और करेंसी चेस्ट को संचालित रखने की अनुमति दी है।

ग्राहक को जिन बैंकिंग कार्यों के लिए शाखा जाना जरुरी है, उन्हें रविवार को ही पूरा कर सकते हैं, ताकि 28 से 30 सितंबर के दौरान होने वाली संभावित परेशानी से बचा जा सके।यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था सहित विभिन्न लंबित मुद्दे शामिल हैं। हड़ताल ऐसे समय हो रही है जब सितंबर के अंत में बैंकों का छमाही वित्तीय समापन भी होता है। बैंकिंग विशेषज्ञों और बैंकों की सलाह के मुताबिक, जिन ग्राहकों को शाखा से जुड़े जरुरी काम हैं, वे उन्हें 27 सितंबर को ही निपटा लें।
