समाजसेवा, मानवता और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित लोगों को सम्मानित करने के उद्देश्य से जय मां विंध्यवासिनी दुर्गा पूजा समिति की ओर से मंगलवार को पांचवें सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले दर्जनों समाजसेवियों, पत्रकारों समेत आठ रक्तवीरों को सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विभूतियों के चेहरे खिल उठे। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और मानव सेवा का संदेश दिया गया। समारोह के दौरान आयोजित लकी ड्रॉ में जीविका जायसवाल ने एलईडी टीवी जीतकर बाजी मारी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा के जिला महामंत्री अजय सिंह रहे। विशिष्ट अतिथियों में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुनील यादव मम्मन, समाजसेवी सतीश यादव प्रिंस, भाजपा जिला मंत्री धर्मेंद्र मिश्रा, जिला मंत्री राजकेसर पाल, कृष्ण कुमार जायसवाल, मंडल अध्यक्ष अजय यादव, उपेंद्र नाथ मिश्रा और प्रशांत सिंह दीपक शामिल रहे। समारोह का विशेष आकर्षण जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने के लिए स्वेच्छा से रक्तदान करने वाले आठ रक्तवीरों का सम्मान रहा। समिति ने रक्तदान को मानवता की सर्वोच्च सेवाओं में से एक बताते हुए रक्तदाताओं के योगदान की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद को जीवन की नई उम्मीद देने का माध्यम है। नि:स्वार्थ भाव से दूसरों की जिंदगी बचाने वाले रक्तवीरों का सम्मान पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है।

मुख्य अतिथि अजय सिंह ने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उन लोगों में निहित होती है, जो बिना किसी स्वार्थ के दूसरों के सुख-दु:ख में सहभागी बनते हैं। समाजसेवियों, पत्रकारों और रक्तदाताओं का सम्मान सकारात्मक सोच को बढ़ावा देता है। समाज के प्रति समर्पण और निस्वार्थ सेवा भाव रखने वालों का सम्मान करना ही सच्ची सामाजिक चेतना है।वक्ताओं ने पत्रकारों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं। वे जनसमस्याओं को जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाने के साथ ही लोगों को जागरूक करने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। वहीं समाजसेवी जरूरतमंदों की मदद कर मानवीय संवेदनाओं को जीवंत बनाए रखते हैं।

सम्मान समारोह के दौरान आयोजित लकी ड्रॉ भी आकर्षण का केंद्र रहा। इसमें पांच भाग्यशाली विजेताओं को विभिन्न पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रथम पुरस्कार के रूप में जीविका जायसवाल को एलईडी टीवी मिली। द्वितीय पुरस्कार जय प्रकाश प्रजापति को मिक्सर, तृतीय पुरस्कार शिवम गुप्ता को फर्राटा पंखा, चतुर्थ पुरस्कार डॉ. आजम खान को गैस चूल्हा और पंचम पुरस्कार सबीर इमरान को प्रेस (इस्त्री) प्रदान की गई। पुरस्कार पाकर विजेताओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। समिति के अध्यक्ष शांतिभूषण मिश्रा ने कहा कि समाज के लिए नि:स्वार्थ भाव से कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित करने की परंपरा आगे भी जारी रहेगी। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को सामाजिक दायित्वों के निर्वहन की प्रेरणा देते हैं। समिति का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सरोकारों को मजबूत करना और मानव सेवा की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन केवल पूजा-अर्चना और उत्सव तक सीमित नहीं होते, बल्कि समाज में सेवा, समर्पण और सद्भाव की भावना विकसित करने का भी सशक्त माध्यम बन सकते हैं।

इस अवसर पर जगदम्बा प्रसाद पाण्डेय, कपूर चन्द्र जायसवाल, पप्पू पटवा, अमित जायसवाल, दीपक सोनी, प्रिंस गुप्ता, शनि गुप्ता, आशीष गुप्ता, अनूप गुप्ता, राविश गुप्ता (विक्की), राकेश गुप्ता, अभिषेक बरनवाल, अंश विश्वकर्मा और अनुभव सोनी समेत बड़ी संख्या में गणमान्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन समिति के संरक्षक मनीष गुप्ता ने किया। उन्होंने अतिथियों, आगंतुकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
