मूर्ति विसर्जन जुलूस में करंट की चपेट में आए दंपती और दो बच्चियां, सभी सुरक्षित

मिराशाह तिराहे पर खुले बिजली के तार से हुआ हादसा, पीएचसी पिंडरा में प्राथमिक उपचार के बाद मिली छुट्टी

Akhlaque Khan
Akhlaque Khan Published on : October 21, 2026 9:07 am
मूर्ति विसर्जन जुलूस में करंट की चपेट में आए दंपती और दो बच्चियां, सभी सुरक्षित
Total Views : 160
Total Views : 160

फूलपुर थाना क्षेत्र के मिराशाह में बुधवार शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बिजली का करंट लगने से एक दंपती और दो बच्चियां इसकी चपेट में आ गईं। हादसे में मिराशाह निवासी सोनू सोनकर और उनकी पत्नी अनीता सोनकर अचेत हो गए, जबकि बस्ती की छाया और आयुषी को भी करंट का झटका लगा। गनीमत रही कि सभी की हालत ठीक है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

जानकारी के अनुसार, मिराशाह में स्थापित दुर्गा प्रतिमा को विसर्जन के लिए जुलूस के साथ जमापुर (लोकापुर) स्थित तालाब ले जाया जा रहा था। इसी दौरान मिराशाह तिराहे पर खुले घरेलू बिजली के तार की चपेट में आने से हादसा हो गया। अचानक हुई घटना से जुलूस में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में सभी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंड ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव द्विवेदी ने बताया कि सभी को हल्का करंट लगा था और उपचार के बाद उनकी हालत ठीक पाई गई। वहीं, मूर्ति विसर्जन के दौरान तैनात दरोगा जितेंद्र यादव ने बताया कि देर शाम प्रतिमा का विसर्जन करा दिया गया।

क्षेत्र के पिंडरा, फूलपुर, मंगारी, सिंधोरा, गरथमा, कठिराव, कुआर और ताड़ी समेत कई गांवों में बुधवार देर शाम तक दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन सकुशल संपन्न हो गया। इस दौरान इंस्पेक्टर फूलपुर अजय राय वर्मा और सिंधोरा थानाध्यक्ष पंकज पांडेय पुलिस बल के साथ क्षेत्र में भ्रमण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखी।

About The Author

Share
LATEST post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed