परिजनों की डांट से क्षुब्ध एक 26 वर्षीय युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। बुधवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपक कुमार (26) पुत्र राजेंद्र गौतम निवासी सुरिस खुटहन रोड मंगलवार की रात अपने कमरे में था। बताया जा रहा है कि परिजनों की डांट से वह क्षुब्ध था। बुधवार सुबह जब परिवार के लोगों ने कमरे में उसे फंदे से लटकता देखा तो उनके होश उड़ गए। घर में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। युवक की मौत से परिवार और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।
