लोहता थाना क्षेत्र में रविवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने पैदल जा रहे दो राहगीरों को रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरु कर दी और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरु की।

बताया जा रहा है कि ट्रक चांदपुर से अकेलवां की तरफ गलत दिशा में जा रहा था। इसी दौरान सड़क पर पैदल जा रहे दो लोगों को उसने अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान छेदी (60) और राशिद जमाल (16) के रुप में हुई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने चालक की गिरफ्तारी और उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध जताया। कुछ ही देर में घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

पुलिस अधिकारियों और स्थानीय पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल के आसपास उपलब्ध साक्ष्यों को जुटाना शुरु कर दिया। पुलिस आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ट्रक की पहचान और चालक की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने सड़क पर तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहनों के संचालन पर भी चिंता जताई है।
