जमानत के बहाने अधिवक्ता ने वादी से लूटे 41 लाख रुपये, कुछ ही घंटों में खुलासा

जौनपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी अधिवक्ता को किया गिरफ्तार, 35 लाख रुपये और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद, सह-अभियुक्त फरार

Akhlaque Khan
Akhlaque Khan Published on : September 20, 2026 8:07 am
जमानत के बहाने अधिवक्ता ने वादी से लूटे 41 लाख रुपये, कुछ ही घंटों में खुलासा
Total Views : 100
Total Views : 100

बक्शा थाना क्षेत्र में जमानत कराने के नाम पर एक व्यक्ति से कथित तौर पर 41 लाख रुपये की लूट के मामले का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अधिवक्ता अभिनव सिंह उर्फ चंदन, निवासी जमऊपट्टी, को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 35 लाख रुपये नगद और अन्य लूटा गया सामान बरामद किया है। वारदात में प्रयुक्त वैगनआर कार भी पुलिस ने बरामद की है।

पुलिस के अनुसार राजस्थान के बीकानेर निवासी जयपाल शर्मा अपने भाई की जमानत के सिलसिले में वाराणसी आए थे। इसी दौरान उनका संपर्क अधिवक्ता अभिनव सिंह से हुआ। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने जमानत की प्रक्रिया कराने का भरोसा दिलाकर वादी का विश्वास हासिल किया।पुलिस के मुताबिक 5 सितंबर 2026 को जमानत की औपचारिकता पूरी होने के बाद आरोपी वादी को जौनपुर ले गया। आरोप है कि यहां दो जौहरी कारोबारियों से क्रमशः 22 लाख और 19 लाख रुपये, कुल 41 लाख रुपये नकद दिलवाए गए। शिकायत के अनुसार, वापस लौटते समय कार को यू-टर्न लेकर रोका गया और वादी का मोबाइल छीन लिया गया। आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी देते हुए करीब 20 से 30 किलोमीटर तक इधर-उधर घुमाया गया। बाद में टोल प्लाजा के पास रुपयों से भरा बैग छीनकर वादी को गाड़ी से धक्का देकर उतार दिया गया।

पीड़ित ने 16 सितंबर को डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण के समक्ष लिखित प्रार्थना पत्र दिया। शिकायत के साथ बातचीत की रिकॉर्डिंग का भी उल्लेख किया गया था। डीआईजी के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रविवार को थाना बक्शा में मुकदमा दर्ज किया।एसएसपी कुँवर अनुपम सिंह के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अधिवक्ता अभिनव सिंह उर्फ चंदन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 35 लाख रुपये नगद और अन्य लूटा गया सामान बरामद करने का दावा किया है। घटना में इस्तेमाल वैगनआर कार UP70HL5218 भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने शेष छह लाख रुपये व्यक्तिगत खर्च में इस्तेमाल करने की बात बताई है। मामले में एक अन्य आरोपी उपदेश पाठक निवासी सुल्तानपुर फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी है।

मामले के त्वरित अनावरण के लिए पुलिस टीम को 50 हजार रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गई। वहीं एसएसपी कुँवर अनुपम सिंह और एएसपी जौनपुर गोल्डी गुप्ता को प्रशस्ति पत्र दिए जाने की जानकारी दी गई है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

About The Author

Share
LATEST post
चुनाव में गड़बड़ी हुई तो अदालत नहीं रहेगी मूकदर्शक! सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी से सियासी हलचल: शीर्ष अदालत ने कहा- असंवैधानिक तरीकों से चुनाव प्रक्रिया दूषित होने पर न्यायिक हस्तक्षेप से परहेज नहीं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed