दिवंगत सेलिब्रिटी मैनेजर दिशा सालियान की मौत से जुड़े मामले में कानूनी विवाद अब और तेज हो गया है। दिशा के पिता सतीश सालियान ने शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे को 500 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है। नोटिस में कथित रुप से आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट को वापस लेने, माफी मांगने और 500 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति की मांग की गई है।

नोटिस के अनुसार, आदित्य ठाकरे ने 16 सितंबर 2026 को अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से अंग्रेजी और मराठी में पोस्ट की थी। सतीश सालियान ने इन पोस्ट में उनके खिलाफ लगाए गए कथित राजनीतिक मकसद और निजी दुश्मनी से जुड़े आरोपों को गलत और मानहानिकारक बताया है। नोटिस में कहा गया है कि इससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा। सतीश सालियान अपने वकील नीलेश ओझा और कानूनी टीम के साथ बांद्रा ईस्ट स्थित मातोश्री पहुंचे। रिपोर्ट के मुताबिक वहां भारी पुलिस बल और बड़ी संख्या में मीडिया मौजूद थी। आदित्य ठाकरे के वकीलों ने नोटिस स्वीकार किया।
वकील नीलेश ओझा ने कहा कि कानूनी कार्रवाई को धमकियों से रोका नहीं जा सकता। उन्होंने नोटिस में माफी और 500 करोड़ रुपये के डिमांड ड्राफ्ट की मांग किए जाने की बात भी कही। आदित्य ठाकरे ने 16 सितंबर की अपनी पोस्ट में कहा था कि वह दिशा सालियान से कभी मिले या उन्हें जानते थे, ऐसा नहीं है। उन्होंने अपने नाम को मामले से जोड़ने को राजनीतिक और निजी कारणों से किया जा रहा प्रयास बताया था और निष्पक्ष जांच की बात कही थी। इस पूरे विवाद की पृष्ठभूमि में दिशा सालियान की 2020 में हुई मौत की जांच भी है। हालिया घटनाक्रम में सीबीआई की जांच शुरु हुई है और संबंधित प्राथमिकी में कई लोगों के नाम जांच के संदर्भ में आए हैं।
