बदलापुर विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय कनकपुर में कक्षा सात की छात्रा के साथ कथित अश्लील हरकत करने के आरोप में सिंगरामऊ पुलिस ने आरोपी शिक्षक विकास यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार छात्रा के पिता की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है।

पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक घटना 12 सितंबर बताई गई है। छात्रा के पिता का आरोप है कि उनकी 14 वर्षीय बेटी पड़ोसी गांव स्थित कनकपुर प्राथमिक विद्यालय में अपनी सहेली से मिलने गई थी। उस समय विद्यालय परिसर में बच्चे खेल रहे थे और छात्रा भी अपनी सहेली के साथ खेल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान शिक्षक विकास यादव छात्रा को कक्षा में ले गए और उसके साथ आपत्तिजनक हरकत की।छात्रा ने इसका विरोध करते हुए रोना शुरु कर दिया। आरोप है कि शिक्षक ने उसे घटना की जानकारी घर पर देने पर धमकी भी दी। छात्रा रोते हुए घर पहुंची और अपने माता-पिता को पूरी घटना बताई, जिसके बाद उसके पिता ने सिंगरामऊ थाने में तहरीर दी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी शिक्षक की तलाश की जा रही है। वहीं, विद्यालय के प्रधानाध्यापक अतुल सिंह ने आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि शिक्षक विकास यादव पर लगाए गए आरोप गलत हैं और उनके शिक्षक को झूठा फंसाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
