खुटहन, जौनपुर।
मुलायम सोनी
तहलका 24×7
पनौली गांव में निर्माणाधीन मकान में हुई गुड़िया की हत्या की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर भले ही सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, दरवाजा सही ढंग से न लगाने को लेकर हुए विवाद में बढ़ई लालमन विश्वकर्मा ने ईंट से प्रहार कर 48 वर्षीय गुड़िया पत्नी मुख्तार अहमद की हत्या कर दी। घटना को लेकर परिजन अलग ही सवाल खड़े कर रहे हैं।

गत मंगलवार को पुलिस ने आरोपित लालमन को लक्ष्मीशंकर मोड़ से गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ईंट बरामद कर ली हो लेकिन परिजनों का दावा है कि हत्या में लालमनि के अलावा और भी लोग शामिल थे। जिनका सुराग पुलिस नहीं लगा रही है।ज्ञातव्य हो कि सोमवार को गुड़िया निर्माणाधीन मकान में फर्नीचर का काम कराने पहुंची थीं। कुछ देर बाद उनका शव वहां पड़ा मिला था। सिर पर चोट के निशान मिलने पर परिवार के लोगों ने हत्या की आशंका जताई थी। जांच में दरवाजा लगाने के काम को लेकर लालमन और गुड़िया के बीच विवाद की बात सामने आई। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर परिजन दफनाने से इन्कार कर दिया। उनका कहना था कि हत्या में केवल बढ़ई ही नहीं, बल्कि अन्य अज्ञात लोग भी शामिल हो सकते हैं। परिवार ने सभी आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी गिरेन्द्र सिंह ने तीन दिन के भीतर मामले में शामिल सभी आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद शव को गांव के कब्रिस्तान ले गए और सुपुर्द ए खाक किया।
