तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मिले तीन लोगों के शव, हत्या और आत्महत्या की आशंका से सनसनी

रहीमाबाद में युवक की मौत पर परिजनों का हंगामा, पुलिस पर आत्महत्या की तहरीर देने का दबाव बनाने का आरोप

Akhlaque Khan
Akhlaque Khan Published on : November 10, 2026 4:55 am
तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मिले तीन लोगों के शव, हत्या और आत्महत्या की आशंका से सनसनी
Total Views : 160
Total Views : 180

राजधानी लखनऊ के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन लोगों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। बंथरा, रहीमाबाद और मानकनगर क्षेत्र में हुई इन घटनाओं के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। तीनों मामलों में मौत के कारणों को लेकर अलग-अलग आशंकाएं जताई जा रही हैं। वहीं रहीमाबाद में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

बंथरा थाना क्षेत्र के अमवा जंगल में बोरे में बंद एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। युवक का शव बोरे में मिलने के कारण हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने के साथ ही मामले की छानबीन कर रही है।दूसरी घटना रहीमाबाद थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत खड़ौहा के मजरा संतनगर की है। यहां सुभाष नामक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ के नीचे पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि वह राजगीर का काम करता था। घटनास्थल पर पेड़ से फंदा भी लगा मिला। इस स्थिति को लेकर मौत के कारणों पर सवाल खड़े हो गए हैं।

मृतक के परिजनों ने हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि पुलिस मामले को आत्महत्या का रुप देने के लिए आत्महत्या संबंधी तहरीर देने का दबाव बना रही है। इसी बात को लेकर परिजनों ने हंगामा किया और पुलिस को शव कब्जे में लेने से रोक दिया। घटनास्थल पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। तीसरी घटना मानकनगर थाना क्षेत्र के मंगलखेड़ा की है। यहां छोटू उर्फ कालिया नामक युवक का शव मकान की छत पर मिलने की सूचना सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया।तीनों घटनाओं ने राजधानी की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल तीनों मामलों में मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

About The Author

Share
LATEST post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed