प्रेमी से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी दो बच्चों की मां, ढाई घंटे बाद सुरक्षित उतरी

सिकरारा के डमरुआ गांव में मचा हड़कंप, पुलिस के समझाने और आश्वासन के बाद नीचे आई महिला

Akhlaque Khan
Akhlaque Khan Published on : October 29, 2026 8:45 am
प्रेमी से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी दो बच्चों की मां, ढाई घंटे बाद सुरक्षित उतरी
Total Views : 280
Total Views : 280

जिले के सिकरारा थाना क्षेत्र के डमरुआ गांव में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला प्रेमी से शादी करने की जिद में मोबाइल टावर के ऊपरी हिस्से पर चढ़ गई। महिला को टावर पर चढ़ा देखकर मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर सिकरारा पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक समझाने-बुझाने का प्रयास किया। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस के आश्वासन पर महिला सुरक्षित नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस उसे मेडिकल परीक्षण के लिए ले गई।

जानकारी के अनुसार, महिला की पहचान आशा चौहान के रुप में हुई है। वह आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के धन्नीपुर बिसयां गांव की निवासी बताई गई है। वर्ष 2021 में उसकी शादी भदोही जिले के सुरियावां क्षेत्र के महजदा गांव निवासी मुन्ना चौहान से हुई थी। शादी के बाद उसके दो बच्चे हुए, जिनमें एक बेटा और एक बेटी शामिल हैं। महिला का अपने रिश्तेदार के गांव डमरुआ आने-जाने के दौरान स्थानीय निवासी सचिन गिरी से संपर्क हुआ। समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। बताया गया है कि महिला बाद में अपने पति से अलग होकर सचिन के साथ सूरत में रहने लगी थी, जहां दोनों एक कंपनी में काम करते थे।

बताया जा रहा है कि महिला का बेटा अपने पिता के पास और बेटी ननिहाल में रह रही थी। नवरात्र के दौरान दोनों के अपने-अपने गांव लौटने के बाद घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया। 25 अक्टूबर को महिला डमरुआ गांव पहुंची और सचिन से शादी करने की जिद करने लगी। आरो है कि युवक के घरवालों ने इस रिश्ते पर सहमति नहीं जताई और युवक भी घर से चला गया। इसके बाद गुरुवार को महिला गांव में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीण अपने मोबाइल फोन से घटना के वीडियो बनाने लगे। देखते ही देखते मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही सिकरारा थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने माइक के माध्यम से महिला से बातचीत की और उसे सुरक्षित नीचे आने के लिए समझाया। पुलिस की ओर से आश्वासन दिया गया कि महिला अपनी बात नीचे आकर बताए, जिस पर उचित कार्रवाई की जाएगी।करीब ढाई घंटे तक चले प्रयास के बाद महिला टावर से नीचे उतर आई। उसके सुरक्षित नीचे आने पर पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। इसके बाद पुलिस उसे मेडिकल परीक्षण के लिए अपने साथ ले गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में कई सवाल चर्चा में हैं।

About The Author

Share
LATEST post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed