खेतासराय बाजार में धूल का कहर, परेशान होकर व्यापारियों ने राज्यमंत्री और डीएम को सौंपा पत्रक

जर्जर सड़क से कारोबार प्रभावित, दुकानदारों ने की मरम्मत और धूल से स्थायी निजात दिलाने की मांग

Akhlaque Khan
Akhlaque Khan Published on : October 28, 2026 8:36 am
खेतासराय बाजार में धूल का कहर, परेशान होकर व्यापारियों ने राज्यमंत्री और डीएम को सौंपा पत्रक
Total Views : 220
Total Views : 220

नगर के मुख्य बाजार की बदहाल सड़क से उड़ रहे धूल के गुबार ने व्यापारियों और राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जर्जर सड़क से गुजरने वाले वाहनों के कारण पूरे बाजार में धूल फैल रही है। इससे दुकानों में रखा सामान धूल से पट रहा है और ग्राहकों को भी खरीदारी करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या से परेशान व्यापारियों ने व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष संजय विश्वकर्मा के नेतृत्व में राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव, जिलाधिकारी और व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष इंद्रभान सिंह ‘इंदु’ को पत्रक सौंपकर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।

पीड़ित व्यापारियों के मुताबिक, मुख्य बाजार की सड़क लंबे समय से बदहाली का शिकार है। सड़क से वाहनों के गुजरते ही धूल का गुबार उठने लगता है, जो आसपास की दुकानों में पहुंच जाता है। दुकानदारों को बार-बार सामान की सफाई करनी पड़ती है। वहीं, बाजार में आने वाले ग्राहकों को भी धूल के बीच खरीदारी करने में परेशानी होती है। सड़क किनारे दुकान लगाकर आजीविका चलाने वाले छोटे व्यापारियों पर इसका सबसे अधिक असर पड़ रहा है। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष संजय विश्वकर्मा ने कहा कि मुख्य बाजार की सड़क नगर की व्यापारिक गतिविधियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। सड़क की बदहाली से व्यापारियों के साथ आम नागरिकों को भी रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन से सड़क की मरम्मत कराने तथा धूल की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

व्यापारियों ने कहा कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो उनके कारोबार पर इसका असर और बढ़ सकता है। उन्होंने राज्यमंत्री और जिला प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए सड़क दुरुस्त कराने की मांग की, ताकि बाजार की स्थिति बेहतर हो सके और व्यापारियों, ग्राहकों तथा राहगीरों को धूल के गुबार से राहत मिल सके। अब व्यापारियों को प्रशासनिक पहल और सड़क की मरम्मत शुरु होने का इंतजार है।

About The Author

Share
LATEST post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed