उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। कमलापुर थाना क्षेत्र के पंचपीर गांव के पास एक कार अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों एक युवक का हालचाल जानने बहराइच गए थे और वहां से घर लौट रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर रात ड्यूटी से घर लौट रहे कुछ ग्रामीणों की नजर तालाब में किसी वस्तु पर पड़ी। संदेह होने पर उन्होंने टॉर्च जलाकर देखा तो पानी में कार की छत दिखाई दी। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से क्रेन मंगवाकर तालाब में डूबी कार को बाहर निकाला गया। कार के अंदर तीन लोगों के शव मिले। इनमें दो शव आगे की सीट पर और एक पीछे की सीट पर था।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान राकेश चौरसिया (50), सतीश निर्मल (40) और रामेंद्र सिंह (62) के रुप में हुई है। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। तीन लोगों की मौत से परिवारों में मातम पसरा हुआ है।परिजनों ने बताया कि राकेश चौरसिया के बेटे का बहराइच में एक्सीडेंट हो गया था। उसका हालचाल जानने के लिए राकेश अपने साथियों के साथ बहराइच गए थे। वहां से लौटते समय परिजनों से उनकी आखिरी बार बातचीत हुई थी। इसके बाद हादसे की खबर सामने आई।

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल कार तालाब में किन परिस्थितियों में गिरी, इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
